गुरुवार, फ़रवरी 24, 2005

पनबिजली और प्रदूषण

ज्यादातर लोग ये सोचते हैं कि पनबिजली कोयले या किसी और जीवाश्म ईंधन से बनायी गयी ऊर्जा की अपेक्षा कम प्रदूषण पैदा करती है। पर हाल में किये गये एक शोध के अनुसार ये सहीं नहीं हो सकता है। इसका कारण है कि जब काते गये पेड़ों का तालाबों में क्षय होता है तो इस प्रक्रिया से काफ़ी मेथेन गैस उत्पन्न होती है जो कि औद्योगिक या जीवाश्म ईंधन (fossil fuel) से बनायी जाने वाली ऊर्जा से कहीं ज़्यादा होती है। इसका कारण है पेड़ों में अत्यधिक कार्बन का होना। इसके अलावा मानव निर्मित इस तालाबों के कारण वातावरण की कार्बन डाइ ऑक्साइड गैस भी मेथेन में परिवर्तित हो जाती है। गौरतलब है कि मेथेन का दुश्प्रभाव कार्बन डाइ ऑक्साइड की तुलना में २१ गुना ज़्यादा होता है।

विस्तृत जानकारी के लिये ये लेख पढ़ें।

बुधवार, फ़रवरी 23, 2005

न्यू साइंटिस्ट पत्रिका का भारत विशेषांक

इस सम्माननीय पत्रिका ने अब भारत के ऊपर एक विशेष अंक निकाला है। इसको पढ़ना न भूलें। हो सकता है कि इसमें कुछ बड़बोलापन हो पर कुछ सत्य भी है। खासतौर से एक डॉक्टर द्वारा कम कीमत की शल्य चिकित्सा के विकास के बारे में।

रविवार, फ़रवरी 20, 2005

धुआं और तापमान

अब ये काफ़ी हद तक माना जा सकता है कि बढ़ते हुये तापमान का मुख्य कारण है धुआं जो कि औद्योगिक इकाइयों, वाहनों इत्यादि से आता है। जानकारी के लिये लेख पढ़ें। भारत में तो टैंपो इस मामले में इन सबको मात दे देगा। हमारा महान टैंपो।

गुरुवार, फ़रवरी 17, 2005

तीसरी आंख

शंकर जी की तीसरी आंख के बारे में शायद हम सब जानते हैं और हमको ये भी मालूम है कि किस तरह उन्होंने अपनी इसी आंख से प्रेम में लीन कामदेव को भस्म कर दिया था। अब यदि कोई यदि आपसे कहे कि हर प्राणी के एक तीसरी आंख होती है तो आप क्या सोचेंगे? शायद चौंक जायेंगे। राजस्थान में डूंगरगढ़ विश्वविद्यालय के प्राणि एक युवा वैज्ञानिक डॉक्टर ओ पी जांगीड़ ने इस तीसरी आंख का सफलता से विकास करके नेत्रहीनों का जीवन रोशन करने का एक सफल प्रयोग किया है। डॉ जांगीड़ कहते हैं, 'जीव विज्ञान में मान्यता है कि निम्न कोटि के अनेक पृष्ठवंशियों जैसे प्लेकोडर्म, पेटोमाइजोन, और स्फ़ेडॉन आदि में सामान्य दो आंखों के अलावा मध्यपृष्ठ सतह पर एक तीसरी आंख भी पायी जाती है। यह आंख मस्तिष्क के डॉयनइनसेफोलीज भाग से सामान्य आंखों की तरह ही जुड़ी रहती थी यानी इसका संबन्ध भी मस्तिष्क से ही रहा है। किंतु विकास के साथ साथ आंखों की स्थिति भी परिवर्तित हुई और आंखें पार्श्व स्थिति में चली गयीं। इसके फलस्वरूप तीसरी आंख की उपयोगिता समाप्त होती गयी और धीरे धीरे लुप्त हो गयी। ' ।

विस्तृत जानकारी के लिये यहां पढ़ें।

सावधान, पढ़ के आप किसी को किसी को भस्म करने के बारे में मत सोचिये!

शनिवार, फ़रवरी 12, 2005

BIOS - नवीन मार्ग समर्थ करना

लीजिए जनाब - मुक्त अर्थशास्त्र के जलवे जीव-विज्ञान में भी प्रारम्भ हो गए। घूमते घूमते BIOS यानि Biological Innovation for Open Society के सजाल पर पहुँचा। ये कैम्बिया वालों का एक नया कारनामा है। इसे बनाने का विचार यह है कि जैसे मुक्त अर्थशास्त्र के चलते लोगों के पास लीनक्स व ओपन ऑफिस जैसे प्रोग्राम हैं। वैसे ही जीव विज्ञान की नई खोजें लोगों तक पहुचनी चाहिए। इस में पौधों की नई किस्में, कृषि के नए तरीके, खानपान, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण इत्यादि आएंगैं। इन्हीं का एक और प्रौजेक्ट है BioForge जो कि अपने सोर्सफोर्ज जैसा ही है।

आशा करता हूँ कि देश में इस क्षेत्र से सम्बन्धित लोग इसका फायदा उठाएंगे व इस के लाभ अपनी अर्थव्यव्सथा के कर्णधार यानि किसानों तक पंहुचेगें।

गुरुवार, फ़रवरी 10, 2005

रात्रि कैमरा

ज़रा सोचिये कि रात्रि कैमरे से निकले दॄ‍श्य ऐसे दिखें जैसे कि इस चित्र में दिख रहे हैं।



ये कल्पना नहीं है। नीदरलैंड की सेना ने कैमरे का रात्रि दॄश्य ऐसी तकनीक से बनाया है कि वो दिन जैसा लगे जिससे कि अपराधियों को पहचानने में और सहूलियत हो। पूरी जानकारी के लिये यहां पढ़ें।

रविवार, फ़रवरी 06, 2005

मज़ेदार गणित

ब्रैड-डीलांग जो कि अर्थशास्त्र के अध्यापक हैं गणित के 100 ऐसे प्रश्न इक्कठे कर रहे हैं जो कि रोचक व मजेदार हों यदि आप इस में रुचि रखते हैं तो उनके सजाल पर इस कड़ी पर अवश्य जाएं

गणित के 100 रोचक प्रश्न


शनिवार, फ़रवरी 05, 2005

सङ्गणक यानी कम्प्यूटर की याददाश्त

हममें से जो भी इस लेख को पढ़ सकते हैं निश्चित रूप से उनको कम्प्यूटर का प्रयोग करना आता है। आप ये भी जानते हैं कि जब आप अपने सङ्गणक या कम्प्यूटर पर काम करते हैं, आप अपने लेखों, आकड़ों इत्यादि को क्म्प्यूटर पर रक्षित करके रख सकते हैं यानी कि save कर सकते हैं। आपको शायद ये भी मालूम है कि सभी कम्पयूटरों में आजकल जानकारी को रक्षित करने के लिये कुछ चीजों का इस्तेमाल होता है जिनको कि कहते हैं ‘मेमोरी’। इस लेख के द्वारा ये बताया जायेगा कि ये मेमोरी यानी कम्प्यूटर की याददाश्त कैसे काम करती है।

हर कम्प्यूटर में दो तरह की मेमोरी होती है:

एक होती है DRAM या डी-रैम यानी Dynamic Random Access Memory जिसमें कि जानकारी अस्थायी तौर से सुरक्षित रहती है और उसके लिये निरंतर बिजली की आवश्यकता होती है। अगर आपकी पॉवर सप्लाई या ऊर्जा का श्रोत बंद हो जाये तो ये उस जानकारी को सुरक्षित नहीं रखा पायेगी। इसलिये इसको तकनीकी भाषा में volatile memory या अस्थायी मेमोरी भी कहते हैं। इसकी विशेषतायें हैं कि ये बहुत तेज़ चलती है, और इसका बिट घनत्व यानी बिट डेन्सिटी भी बहुत होता है। बाज़ार में ये कई क्षमताओं में उपलब्ध है जैसे कि १२८, २५६ मेगाबाइट्स या उससे ज़्यादा।

(डीरैम)

दूसरी होती हैं हार्ड डिस्क या hard disk जिसका कि मुख्य काम है जानकारी को हमेशा के लिये सुरक्षित रखना और वो जानकारी तभी हटा यी जा सकेगी यदि आप उसे स्वयं हटाना चाहते हैं। इस मेमोरी की खास बात ये है कि ये बिजली चले जाने के बावज़ूद जानकारी को सुरक्षित रखती है जैसे कि जब आप कम्प्यूटर बन्द कर देते हैं तो आपके आंकड़े इसी डिस्क में सुरक्षित रहते हैं। इस मेमोरी को तकनीकी भाषा में ‘स्थायी मेमोरी’ या ‘non-volatile’ मेमोरी भी बोलते हैं। ये विभिन्न प्रकार की क्षमताओं में उपलब्ध है जैसे कि १०, २०, ४०, ८० गीगाबाइट्स या उससे भी ज़्यादा ।

(हार्डडिस्क)

मूल स्तर पर हार्ड डिस्क को आप एक कैसेट टेप की तरह भी मान सकते हैं क्योंकि दोनों का सिद्धांत एक ही है।

तो सवाल ये है कि हम अस्थायी मेमोरी का उपयोग क्यों करते हैं? उसका उत्तर ये है कि हार्ड डिस्क की आंकड़ों के संचालन की गति काफ़ी कम होती है इसलिये कम्प्यूटर पर काम करते समय जानकारी को अस्थायी तौर पर डीरैम में रक्षित किया जाता है और फिर कुछ समय के अंतर पर उसको हार्ड डिस्क में बार बार रक्षित करना पड़ता है। इसलिये डीरैम की क्षमता जितनी ज़्यादा होगी आप उतने ही ज्यादा काम कम्प्यूटर पर एक साथ कर सकते हैं ।

डीरैम की इस तेजी का करण है वो पदार्थ जो कि इस मेमोरी का मुख्य भाग (core element) होता है औरवे पदार्थ होते हैं कुचालक (insulator) पदार्थ यानी डाइ-इलेक्ट्रिक (Dielectric) पदार्थ जैसे कि सिलिकॉन ऑक्साइड (SiO2), टैन्टेलम ऑक्साइड (Ta2O5) इत्यादि जिनका डाइ-इलेक्ट्रिक स्थिरांक इस बात का सूचक होता है कि वे कितनी ज़्यादा जानकारी रक्षित कर सकते हैं। इस पदार्थ की ये विशेषता है कि ये जानकारी को बहुत तेजी से संचालित करता है, (नैनोसेकंडों या 0.000000001 s में), लेकिन बिजली के अभाव में काम नहीं कर सकता है।

हार्ड डिस्क का मेमोरी वाला हिस्सा जहां जानकारी स्थायी रूप से संचित की जाती है मुख्यतः लौह-चुम्बकीय (Ferromagentic) पदार्थों जैसे कि लोहा-कोबॉल्ट या Fe-Co का बना होता है। असल में ये पदार्थ एक प्लेट पर एक परत के रूप में जमा किया जाता है (magnetically coated substrate) । इस पदार्थ में जानकारी का रक्षण इलेक्ट्रान (पदार्थों के परमाणुओं के अन्दर उपस्थित एक अतिसूक्ष्म कण या तरंग) के स्पिन (spin) के घुमाव की एक दिशा में होने के कारण होता है। इस तरह के पदार्थों की विशेषता यह होती है कि ये बिजली की अनुपस्थिति में भी जानकारी को सुरक्षित रख सकते हैं। पर इनकी कमी ये है कि ये जानकारी का संचालन धीमी गति से करते है (माइक्रोसेकंडों या 0.000001 s में)।

इन मूलभूत कारणों की वजह से यद्यपि हार्डडिस्क जानकारी को खोती नहीं है पर चूंकि डीरैम तेज़ काम करती है, इसलिये उसकी कम्प्यूटर में ज़रूरत है।

तो, दोस्तों, उम्मीद है आपकी अपने कम्प्यूटर की मेमोरी के बारे में जानकारी और बढ़ी होगी। कम्प्यूटर की मेमोरी का वैज्ञानिक भंडार विशाल है, इसलिये ये लेख बहुत ही साधारण है जो कि आम जन को मेमोरी से अवगत कराने के लिये है। आगे के लेखों में मेमोरी के काम करने की तकनीक के बारे में और लिखा जायेगा।